चश्मा साफ करते समय कहीं आप भी तो नहीं करते यह बड़ी गलती? हमेशा के लिए खराब हो सकते हैं लेंस
नई दिल्ली : आज के डिजिटल दौर में स्क्रीन टाइम बढ़ने के कारण अधिकांश लोग चश्मा पहनते हैं। चश्मा चाहे नजर का हो या धूप का (सनग्लासेस), उसे साफ रखना बेहद जरूरी है ताकि नजर धुंधली न हो। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अनजाने में की गई एक छोटी सी गलती आपके महंगे चश्मे के लेंस को हमेशा के लिए बर्बाद कर सकती है?
लोग अक्सर चश्मे पर लगे दाग या उंगलियों के निशान को साफ करने के लिए घर में मौजूद किसी भी कपड़े का इस्तेमाल कर लेते हैं, जो लेंस के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होता है।
सबसे आम और खतरनाक गलती: कपड़ों से चश्मा साफ करना
चश्मा गंदा होने पर लोग अक्सर अपने पहने हुए टी-शर्ट, शर्ट के कोने, साड़ी, दुपट्टे या सामान्य तौलिये से उसे पोंछने लगते हैं। यह चश्मा साफ करने का सबसे गलत तरीका है।
-
क्यों है यह नुकसानदेह? भले ही आपका कपड़ा छूने में कितना भी मुलायम क्यों न लगे, लेकिन उसके धागों की बुनावट और उन पर जमा बारीक धूल के कण लेंस पर छोटे-छोटे स्क्रैच (खरोंच) पैदा कर देते हैं।
-
कोटिंग हो जाती है खराब: आजकल के लेंस पर एंटी-ग्लेयर या यूवी प्रोटेक्शन जैसी विशेष कोटिंग होती है। खुरदरे कपड़ों से रगड़ने पर यह कोटिंग धीरे-धीरे उतर जाती है और लेंस हमेशा के लिए खराब हो जाता है।
इन चीजों के इस्तेमाल से भी बचें
-
थूक या लार का उपयोग: कुछ लोग चश्मा साफ करने के लिए उस पर थूक लगाकर कपड़े से पोंछते हैं। यह न केवल अस्वच्छ (Unhygienic) है, बल्कि इससे बैक्टीरिया भी फैलते हैं।
-
कागज या टिशू पेपर: टिशू पेपर, टॉयलेट पेपर या नैपकिन लकड़ी के गूदे (Wood Pulp) से बनते हैं। दिखने में सॉफ्ट होने के बावजूद ये लेंस के लिए कठोर होते हैं और उन पर स्क्रैच डाल सकते हैं।
-
कठोर केमिकल या सोप: घर साफ करने वाले ग्लास क्लीनर (जैसे कोलिन), थिनर या ब्लीच का इस्तेमाल चश्मे पर कभी न करें।
विशेषज्ञों के अनुसार चश्मा साफ करने का सही तरीका
-
माइक्रोफाइबर क्लॉथ (Microfiber Cloth) का ही करें उपयोग: चश्मा खरीदते समय उसके बॉक्स के साथ मिलने वाले विशेष माइक्रोफाइबर कपड़े से ही हमेशा लेंस को साफ करें। यह कपड़ा धूल के कणों को बिना रगड़े सोख लेता है।
-
लेंस क्लीनिंग स्प्रे: हमेशा चश्मे के लिए बने विशेष 'लेंस क्लीनर स्प्रे' का इस्तेमाल करें। इसे लेंस पर स्प्रे करें और माइक्रोफाइबर कपड़े से हल्के हाथों से गोलाकार घुमाते हुए साफ करें।
-
हल्का लिक्विड सोप और गुनगुना पानी: यदि चश्मा बहुत अधिक चिपचिपा या गंदा हो गया है, तो उसे हल्के गुनगुने पानी से धोएं। इस पर एक बूंद न्यूट्रल डिशवॉश लिक्विड या बेबी शैम्पू लगाएं, उंगलियों से धीरे-धीरे साफ करें और फिर पानी से धोकर माइक्रोफाइबर कपड़े से सुखा लें।
एक जरूरी सलाह: अपने माइक्रोफाइबर कपड़े को भी हफ्ते में एक बार बिना किसी फैब्रिक सॉफ्नर के धोएं, क्योंकि गंदा कपड़ा भी चश्मे पर स्क्रैच का कारण बन सकता है।

admin 





