डेढ़ साल में पैसा डबल करने का झांसा, 500 निवेशकों से 70 करोड़ की कथित ठगी
कांकेर। जिले में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में निवेश करने पर 5 प्रतिशत ब्याज/कमीशन और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से पैसे जमा कराए गए। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर समेत अन्य जिलों के लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया। आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों समेत कई लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए भी प्रेरित किया गया और लोन की रकम कंपनी में निवेश कराई गई।
शुरुआत में निवेशकों को कुछ किश्तों का भुगतान किया गया, जिससे कंपनी पर लोगों का भरोसा बढ़ गया। बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और निवेशकों की जमा राशि वापस नहीं की गई। इसके बाद लोगों ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की जांच के लिए एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दयाशंकर साहू को बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र से और नितिन निर्मलकर को रायपुर से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में कंपनी से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेनदेन की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अंतागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य ब्याज देने वाले निवेश प्रस्तावों की पहले पूरी जांच करें। किसी भी संदिग्ध आर्थिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।
admin



