रायपुर में बीती रात 58 नशेड़ी चालक पकड़े गए, इस साल 3356 पर कार्रवाई
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 28 मई की रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 58 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 3356 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका है। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
विशेष अभियान एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में चलाया गया। इसके तहत तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने सहित शहर के नौ प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए 58 वाहन चालकों में 44 कार चालक, 5 मोटरसाइकिल चालक, 3 ट्रक चालक, 1 टाटा एस, 1 मेटाडोर, 1 माज़दा, 1 ट्रैक्टर, 1 ई-रिक्शा और 1 पिकअप चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है।
यातायात पुलिस की अपील पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की है।
यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।

admin 




