बंगोली में जनचौपाल : मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनीं लोगों की समस्याएं, आवास हितग्राहियों को सौंपी चाबी
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों का सम्मान, बच्चों ने लोकनृत्य से दिखाई छत्तीसगढ़ की संस्कृति
बंगोली (खरोरा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत बंगोली में जनचौपाल लगाई गई। इसमें कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नए घर की चाबी सौंपी गई। वहीं, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया और बच्चों ने लोकनृत्य की प्रस्तुति दी।

पक्के घर की चाबी पाकर खिले चेहरे
जनचौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को घर की चाबी प्रदान की गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।
विद्यार्थियों का सम्मान, लोकनृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। मंत्री ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों की लोकनृत्य प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष जनकल्याण और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण विकास, आवास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए स्थानीय समस्याओं को समझकर जनहित के कार्यों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
admin




