एटी पैलेस के "जोहार जगन्नाथ" कार्यक्रम में शामिल हुई डॉ. वर्णिका शर्मा, मिस रायपुर सीजन-2 के पोस्टर का विमोचन

एटी पैलेस के "जोहार जगन्नाथ" कार्यक्रम में शामिल हुई डॉ. वर्णिका शर्मा, मिस रायपुर सीजन-2 के पोस्टर का विमोचन

रायपुर। अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स प्रा. लि. ने गौरवशाली 70वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। इस शुभ अवसर पर भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा पर कोतवाली चौक स्थित एटी पैलेस में आयोजित "जोहार जगन्नाथ" कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना एवं महाआरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने "मिस रायपुर सीजन-2" के पोस्टर का भी विधिवत विमोचन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स प्रा. लि. के चेयरमैन तिलोकचंद बरडिया  ने कहा कि "जोहार जगन्नाथ" केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का उत्सव है। भगवान जगन्नाथ सभी के आराध्य हैं और उनकी कृपा से समाज में प्रेम, सेवा एवं सद्भाव का संदेश निरंतर प्रसारित होता रहे, यही हमारी कामना है। उन्होंने कहा कि संस्थान पिछले सात दशकों से ग्राहकों के विश्वास के साथ जुड़ा हुआ है और आगे भी सेवा एवं गुणवत्ता की इसी परंपरा को बनाए रखेगा।

डायरेक्टर निकेश बरडिया ने बताया कि "जोहार जगन्नाथ" कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष "मनोकामना रथ" तैयार किया गया है। इस रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न समुदायों एवं श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं भगवान जगन्नाथ के पवित्र चरणों तक पहुंचाई जा रही हैं। यह पहल श्रद्धा, आस्था और जनसहभागिता का अनूठा संगम बन रही है, जिसे लोगों का भरपूर स्नेह एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान भगवान जगन्नाथ की भव्य आरती, भजन-कीर्तन एवं दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। रथयात्रा के शुभ अवसर पर प्रदेश के व्यापारी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, महिला संगठनों की प्रतिनिधियां, युवा वर्ग, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।