सभापति भाजपा से निष्कासित, मंत्री समर्थक बागी भी बाहर

सभापति भाजपा से निष्कासित, मंत्री समर्थक बागी भी बाहर

कोरबा/रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ भाजपा ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा नगर निगम के नवनिर्वाचित सभापति को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कोरबा में नूतन सिंह ठाकुर पार्टी के सभापति के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ  चुनाव लड़े थे और उन्हें जीत मिली थी।
 कोरबा नगर निगम में भाजपा को बंपर बहुमत मिला है। वहां पार्टी का मेयर निर्वाचित हुआ है। इसके बाद सभापति चुनाव के लिए पार्टी ने हितानंद अग्रवाल को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। हितानंद अग्रवाल को डिप्टी सीएम अरुण साव का करीबी माना जाता है। इसको लेकर कोरबा के भाजपा नेता लामबंद हो गए। बताते हैं, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और विकास महतो ने भाजपा पार्षद नूतन सिंह ठाकुर को निर्दलीय चुनाव लड़ा दिया और सूत्रों का कहना है कि बागी प्रत्याशी को जिताया भी गया। नूतन को 32 वोट मिले। नूतन सिंह की जीत को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भाजपा की जीत बताते हुए उन्हें बधाई दी थी। 
 मंत्री लखनलाल देवांगन का बयान था...नूतन भाजपा की टिकिट से पार्षद चुनाव लड़े और जीते। उन्हें भाजपा के पार्षदों ने वोट देकर सभापति बनाया है। मगर पार्टी ने इसे घोर अनुशासनहीनता करार देते हुए सभापति नूतन सिंह ठाकुर को भाजपा से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पार्टी ने इसके जरिये बड़ा संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी लाईन से ऊपर कोई नहीं है। चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी पर्यवेक्षक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में पार्षदों को मनाने का प्रयास किया। बंद कमरे में लंबी बैठकें हुईं। संगठन ने हितानंद अग्रवाल के नाम पर सहमति जताई, लेकिन नूतन सिंह ठाकुर ने बागी तेवर अपनाते हुए चुनाव लड़ा।