कौन होगा BJP का अगला अध्यक्ष ? रेस में किसका नाम है आगे ? कब होगा ऐलान, जानिए सबकुछ

कौन होगा BJP का अगला अध्यक्ष ? रेस में किसका नाम है आगे ? कब होगा ऐलान, जानिए सबकुछ

नई दिल्ली। भाजपा का अगला चीफ कब मिलेगा, कौन होगा, कहां से होगा? ये सवाल सियासी फिजाओं में तैर रहे हैं। भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी को होली (14 मार्च) के बाद और 21 मार्च से पहले किसी भी समय अपना अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। माना जा रहा है कि बीजेपी को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक से पहले मिल जाएगा। यह बैठक 21 से 23 मार्च तक बेंगलुरु में होनी है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी पार्टी के संविधान के अनुसार 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन चुनाव को लेकर सक्रिय हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए यह जरूरी है। चुने गए राज्यों को 14 मार्च तक संगठन चुनाव कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अब तक, भाजपा 50 प्रतिशत मानदंड को पूरा करने के लिए आवश्यक 18 में से केवल 12 राज्यों में ही संगठनात्मक चुनाव करा पाई है। भाजपा के एक सूत्र की मानें तो, अगले कुछ दिनों में पार्टी बाकी बचे छह राज्यों में अपने संगठनात्मक चुनाव पूरे कराने के लिए समय से पहले ही काम पूरा कर लेगी। भाजपा के एक टॉप सूत्र ने बताया कि उन्हें विश्वास है कि पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है।