कलेक्टर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक,दुर्घटनाजन्य स्थानों पर रंबल स्ट्रिप और संकेतक लगाने के निर्देश

कलेक्टर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक,दुर्घटनाजन्य स्थानों पर रंबल स्ट्रिप और संकेतक लगाने के निर्देश

गरियाबंद से विजय साहू की रिपोर्ट 

गरियाबंद । जिले में लगातार हो रहे सड़क दुघर्टना को लेकर कलेक्टर भगवान सिंह उइके और पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा ने गंभीरता दिखाते हुए सड़क सुरक्षा समिति एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने आमजनों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई 
 करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में जिले के सड़क सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले प्रावधानों एवं सड़कों पर होने वाले दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किये जाने वाले उपायों पर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय अपनाने के निर्देश दिये। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधार कार्यवाही भी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि खुले वाहनों में लोगों के परिवहन करने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने लोगों को खुले वाहनों में परिवहन न करने के समझाईश देने गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सहायक सड़कों के दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों को चिन्हित कर रंबल स्ट्रिप बनाने, आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने सड़कों एवं पुल-पुलियों के पास यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक कॉलिंग हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि यातायात पुलिस द्वारा जिले के नेशनल हाईवे रोड व राज्य मार्ग एवं अन्य रोड पर दुर्घटना जन्य स्थानो का निरीक्षण कर मोड़ वाले स्थान व पुल पुलिया वाले स्थानो पर आवश्यकता अनुसार झाडियों को हटाकर रास्ते को दृश्य योग्य बनाकर रोड किनारे पेड़ों पर रेडियम टिकली लगाया गया है। जिससे उक्त रास्ते में रात के समय चलने वाले वाहन चालको को रोड की स्थिति का सही अनुमान होने से सड़क दुर्घटना होने की संभावना को कम करने की दिशा में आवश्यक कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाजन्य स्थानों का संयुक्त टीम जिला परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, राजकीय राजमार्ग विभाग, पी.डब्लूय.डी. विभाग, लोक निर्माण विभाग के द्वारा समन्वय स्थापित कर सुधार योग्य स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नशामुक्ति के लिए लोगों को करे जागरूक - कलेक्टर 

 कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने नशामुक्त भारत अभियान समिति की बैठक में लोगों को नशा के खिलाफ जागरूक करने गठित भारत माता वाहिनी को सक्रिय करने के निर्देश दिये। साथ ही समिति के माध्यम से तथा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने स्कूल, कॉलेजों एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी नशा के खिलाफ लोगों को जागरूक करने विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिये। उन्होंने भारत माता वाहिनी समूह के सदस्यों एवं वालेंटियरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने नशामुक्ति के लिए संचालित नशामुक्ति केन्द्र की जानकारी लेकर केन्द्र में लोगों की उपस्थिति एवं उन्हें दिये जाने वाले काउंसलिंग के वस्तुस्थिति की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे,  नवीन भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जितेन्द्र चन्द्राकर, जिला परिवहन अधिकारी  रविन्द्र ठाकुर, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक  डीपी ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अशोक पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।