रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास का किया स्मरण

दंतेवाडा से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
दंतेवाड़ा। विश्व को अमूल्य उपहार के रूप में श्रीरामचरित मानस जैसा पावन ग्रंथ प्रदान करने वाले महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर गुरुवार को दंतेवाड़ा में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेंडका डोबरा मैदान में श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ की जिला इकाई के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभातफेरी से हुई। इसके पश्चात मां दंतेश्वरी, भगवान श्रीराम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर ध्वजारोहण किया गया। मंगलाचरण के बाद विभिन्न मंडलियों द्वारा तुलसीदास रचित भजनों एवं रामचरित मानस की चौपाइयों का सस्वर पाठ किया गया, साथ ही तुलसीदास जी के जीवन चरित्र पर आख्यान प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर पूर्व सांसद मोहन मंडावी, प्रतिष्ठान के अध्यक्ष जगदीश देशमुख, महासचिव राजेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर और नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि रामचरित मानस के मर्म को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। भगवान राम ने सांसारिक होकर लीला रची, उन्हें हृदय में धारण करने से जीवन सफल होता है।
दिव्य जीवन संघ आश्रम गुमरगुंडा के संचालक स्वामी विशुद्धानंद सरस्वती ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि है, जो हमारे लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम का समापन रामायण आरती एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
10 विधाओं में मिलेगा अलंकरण
प्रतिष्ठान के महासचिव राजेन्द्र ठाकुर ने बताया कि जल्द ही अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 विभिन्न क्षेत्रों में वार्षिक अलंकरण प्रदान किए जाएंगे। साथ ही मानस मंजूषा पत्रिका प्रकाशित की जाएगी, जिसमें प्रदेश की मानस मंडलियों की उपलब्धियां प्रकाशित होंगी।
नन्हें कलाकारों ने मोहा मन
कार्यक्रम में श्रीराम आदर्श प्रचार मंच कबीरमठ नादिया, जिला राजनांदगांव की प्रस्तुति के दौरान 4 वर्षीय मोक्षिता साहू की तन्मयता से सभी प्रभावित हुए। अतिथियों ने उसे नगद एवं अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया। इसी प्रकार दुर्ग जिले के रेंगा कठेरा, गुंडरदेही से आई राम सागर मानस मंडली में 6 वर्षीय वाणी साहू द्वारा तबला वादन और अपनी गायिका माता के साथ जुगलबंदी ने सभी का मन मोह लिया।