सोनू सूद का जन्मदिन पर तोहफा: बेसहारा बुज़ुर्गों के लिए खोलेंगे आधुनिक वृद्धाश्रम

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर और समाजसेवी सोनू सूद ने अपने जन्मदिन के मौके पर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे बेसहारा और जरूरतमंद वृद्धों के लिए एक वृद्धाश्रम खोलने जा रहे हैं। सोनू सूद ने कहा कि यह वृद्धाश्रम उन बुजुर्गों के लिए होगा जिनके पास न रहने की जगह है और न ही देखभाल करने वाला कोई है। यह ऐलान उन्होंने 30 जुलाई को अपने जन्मदिन के दिन किया। सोनू सूद पहले भी लॉकडाउन के समय प्रवासी मजदूरों की मदद से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सामाजिक कार्य कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह वृद्धाश्रम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और बुजुर्गों को यहां सम्मान और सुरक्षा का माहौल मिलेगा। सोशल मीडिया पर उनके इस कदम की जमकर सराहना हो रही है और लोग उन्हें असली हीरो बता रहे हैं।