झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कई हफ्तों से दिल्ली के श्री गंगा राम अस्पताल में भर्ती थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। किडनी, हृदय और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी, जिसके बाद सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे और झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।
शिबू सोरेन ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी और उन्हें ‘गुरुजी’ के नाम से भी जाना जाता था। वह तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने और कई बार सांसद रह चुके थे। उनके नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा एक मजबूत क्षेत्रीय पार्टी बनी। उनके निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हेमंत सोरेन और कई अन्य नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। शिबू सोरेन का जाना झारखंड के लिए एक युग का अंत माना जा रहा है।