भारत के इन राज्यों में कभी नहीं लगा राष्ट्रपति शासन, जान लीजिए नाम

भारत के इन राज्यों में कभी नहीं लगा राष्ट्रपति शासन, जान लीजिए नाम

नई दिल्ली। मणिपुर में बीते दो साल से जारी हिंसा के बीच हाल ही में दो बड़े राजनीतिक घटनाक्रम हुए। रविवार को मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके तीन दिन बाद यानी गुरुवार को राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया। यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण इसलिए है, क्योंकि विपक्ष लंबे समय से इसकी मांग कर रहा था। कहा जा रहा है कि बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद भाजपा सर्वसम्मति से सीएम उम्मीदवार तय नहीं कर पाई, जिसके बाद राज्यपाल की सिफारिश पर राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया।

ऐसा पहली बार नहीं है जब भारत के किसी राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया हो। संविधान के अनुच्छेद 356 का प्रयोग या सीधे शब्दों में कहें तो राष्ट्रपति शासन देश के अलग-अलग हिस्सों में अब तक 134 पर लगाया गया है। इसे सबसे अधिक बाद मणिपुर और उत्तर प्रदेश में लगाया गया। मणिपुर में 11 तो उत्तर प्रदेश में 10 बार राष्ट्रपति शासन लगाया जा चुका है. हालांकि, हम आपको देश के उन राज्यों के बारे में बताएंगे, जहां एक बार भी राष्ट्रपति शासन लागू नहीं किया गया है।

इन राज्यों में लगा सबसे लंबा राष्ट्रपति शासन
भारत के तीन राज्य जम्मू-कश्मीर, पंजाब और पुडुचेरी सबसे अधिक समय तक राष्ट्रपति शासन के तहत रहे हैं। 1950 के बाद से अब तक मणिपुर में 11 बार, उत्तर प्रदेश में 10 बार तो पंजाब और जम्मू-कश्मीर में 9-9 बार राष्ट्रपति शासन लगाया जा चुका है। देश का संविधान लागू होने के बाद से अब तक जम्मू-कश्मीर ने राष्ट्रपति शासन के तहत 12 साल (4668 दिन) से अधिक समय बिताया है। इसके बाद पंजाब का नंबर आता है, जिसने 10 साल (3878 दिन) तो वहीं पुडुचेरी ने अपने इतिहास में 2739 दिन (7 साल) से अधिक समय राष्ट्रपति शासन के तहत बिताया है।

इंदिरा गांधी ने सबसे ज्यादा बार लगाया राष्ट्रपति शासन
1950 के बाद से अब तक राष्ट्रपति शासन सबसे अधिक बार इंदिरा गांधी के समय में लगाया गया है। इंदिरा गांधी के दो कार्यकाल में 51 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। इसके बाद मोरारजी देसाई का नाम आता है। उनके कार्यकाल में 17 बार राष्ट्रपति शासन लगा. इसके बाद 11 बाद नरसिम्हा राव, 12 बार मनमोहन सिंह, 10 बार नरेंद्र मोदी और अटल बिहार वाजपेयी के कार्यकाल में 5 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया।

इन राज्यों पर कभी नहीं लगा राष्ट्रपति शासन
आजादी के बाद से अब तक भारत के अधिकतर राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाया जा चुका है। हालांकि, दो राज्य ऐसे हैं जहां अब तक राष्ट्रपति शासन लागू नहीं किया गया है। ये राज्य छत्तीसगढ़ और तेलंगाना हैं।