19 या 20 फरवरी को राहुल और प्रियंका गांधी जा सकते हैं महाकुंभ, करेंगे संगम स्नान

19 या 20 फरवरी को राहुल और प्रियंका गांधी जा सकते हैं महाकुंभ, करेंगे संगम स्नान

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा सांसद प्रियंका गांधी भी संगम में डुबकी लगाएंगी। इन नेताओं के 19 या 20 फरवरी को स्नान करने की संभावना है। कांग्रेस नेता मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर हुए हादसे के मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए उनके आवास भी जा सकते हैं।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संगम स्नान की कवायद कई दिनों से चल रही है। शुक्रवार को चर्चा रही कि दोनों नेता 16 फरवरी को स्नान के लिए आ रहे हैं लेकिन पार्टी के स्थानीय नेताओं ने राहुल गांधी के इस तरह के किसी कार्यक्रम से अनभिज्ञता जताई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महाकुंभ के आखिरी स्नान पर्व शिवरात्रि यानि, 26 फरवरी से पहले संगम स्नान करेंगे लेकिन फिलहाल तारीख तय नहीं है।

वहीं पार्टी के एक अन्य नेता का कहना है कि रविवार को संगम में अधिक भीड़ की संभावना है। इसलिए 16 फरवरी को वह स्नान के लिए नहीं आ रहे लेकिन सात-आठ दिनों में उनके आने की उम्मीद है। अभी कार्यक्रम तय किया जा रहा है।

मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर हुए हादसे में प्रयागराज की एक महिला तथा कई अन्य का भी निधन हो गया था। राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी मृतकों के आवास पर भी जा सकते हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इस बाबत उन परिवार वालों से मुलाकात भी की है।