मीनल चौबे अब मेयर मैडम, जगदलपुर में महाराज की सरकार

मीनल चौबे अब मेयर मैडम, जगदलपुर में महाराज की सरकार

रायपुर (चैनल इंडिया)। नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आज घोषित कर दिए। नतीजों को देखकर कहा जा सकता है कि प्रदेश में भाजपा की सुनामी चल रही है। प्रदेश के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगर निकायों में अधिकतर में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। रायपुर नगर निगम में पंद्रह साल बाद भाजपा की वापसी कराते हुए प्रत्याशी मीनल चौबे ने शानदार जीत हासिल की है। पूर्व महापौर व सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी कांग्रेस उम्मीदवार दीप्ति दुबे को उन्होंने पराजित किया। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के करीबी मलकीत सिंह गेंदू को जगदलपुर में करारी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी संजय पाण्डेय (महाराज) ने उन्हें पराजित कर महापौर की कुर्सी पर कब्जा किया। 


 मतगणना के शुरुआती दौर से ही भाजपा प्रत्याशियों ने सभी नगर निगमों में बढ़त बनानी शुरू कर दी, जो अंतिम चरण तक जारी रही। जहां तक रायपुर का सवाल है को भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने पहले चक्र से बढ़त बनाई जो अंतिम चरण तक जारी रही। उन्हें रायपुर के सभी वार्डों से बढ़त मिली है। करीब डेढ़ दशक बाद नगर निगम रायपुर में भाजपा की वापसी हुई है। इससे पहले सुनील सोनी भाजपा के महापौर थे, जिसके बाद कांग्रेस के क्रमश: डॉ. किरणमयी नायक, प्रमोद दुबे तथा एजाज ढेबर महापौर रहे। 
 नगर पंचायत धमतरी, भानुप्रतापपुर, पखांजूर के अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। यहां से भाजपा की प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। कांकेर में कांग्रेस 10 और भाजपा ने 5 में जीत हासिल की है। राम नगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। वहीं जवाहर वार्ड और अलबेलापारा में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। जबकि भानुप्रतापुर में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी निखिल सिंह राठौर ने जीत हासिल की है।

कसडोल में कांग्रेस का सूपड़ा साफ
बलौदाबाजार जिले के नगर पंचायत रहसी के कांग्रेस प्रत्याशी नंदेश्वर साहू अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। नगर पंचायत पलारी से कांग्रेस प्रत्याशी गोपी साहू ने एक हजार से अधिक मतों से अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा किया है। वहीं नगर पालिका सिमगा से निर्दलीय प्रत्याशी हरदीप सिंह भाटिया ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। जबकि कसडोल और टुण्ड्रा नगर पंचायत में भाजपा की जीत हुई है। कसडोल नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू बने। वहीं टुण्ड्रा से छतराम साहू अध्यक्ष बने। कसडोल नगर पंचायत में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ हो गया है। कसडोल नगर पंचायत से सभी कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को हार मिली है।

नारायणपुर में 25 साल बाद भाजपा लौटी
नगर पालिका परिषद नारायणपुर में अध्यक्ष पद में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। यहां के 15 वार्ड में भाजपा 13 और कांग्रेस 2 वार्ड में सिमट गई है। नारायणपुर में भाजपा ने 25 साल बाद कब्जा किया है। इंद्र प्रसाद बघेल नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बने। 

बीजापुर नगरपालिका में भाजपा की वापसी 
बलरामपुरनगर पंचायत वाड्रफनगर में भाजपा अध्यक्ष की जीत हुई है। मानसिंह धुर्वे ने 67 वोट से जीत दर्ज की है। नतीजे आने के बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। 15 वार्डों में से 09 वार्डों में भाजपा पार्षदों ने कब्ज़ा किया है। वहीं बीजापुर नगरपालिका में भाजपा की वापसी हुई है। भाजपा  कार्यकर्ताओं में खुशी और जश्न का माहौल है। 

कुरुद  में भाजपा का कब्ज़ा 
कुरुद नगर पंचायत से भाजपा की ज्योति चंद्राकर 262 वोट से चुनाव जीत गई है। यहां पर 9 कांग्रेस और 6 भाजपा पार्षद चुनाव जीते हैं। वहीं भखारा-भठेली में भाजपा से ज्योति जैन 640 वोटों से चुनाव जीत गई है। यहां भाजपा के 12 और कांग्रेस कर 3 पार्षदों ने जीत हासिल की है।