भाजपा की बंपर जीत, 127 जिला पंचायतों में से 97 पर किया कब्जा

रायपुर (चैनल इंडिया)। त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। भाजपा 127 जिला पंचायतों में से 97 में कब्जा कर लिया है। वहीं 21 स्थानों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। जबकि तीन स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा किया है। इसके अलावा एक क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और एक में कम्युनिस्ट पार्टी का खाता खुला है।
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतगणना हो गई है। इसी बीच सूरजपुर जिले से भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटी मोनिका सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने क्षेत्र क्रमांक 15 से पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह के पुत्र को तीन हजार से अधिक वोट से हराया है। क्षेत्र क्रमांक 14 से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक खेल साय सिंह की बहू उषा सिंह चुनाव हार गई है। जिला पंचायत के चार सीटों में दो भाजपा, एक कांग्रेस तो एक पर निर्दलीय के रूप में रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह के खाते गया है।
पार्लियामेंट से पंचायत तक भाजपा: सीएम
पंचायतों के दूसरे चरण में मिले जनादेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया एकाउण्ट में लिखा है कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों के लिए हुए चुनाव में 80 प्रतिशत सीटों पर भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने प्रचंड विजय हासिल की है। यह जीत गांव-गांव में हमारी सरकार के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। भारतीय जनता पार्टी से ही ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव है। सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई। भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर अटूट विश्वास के लिए प्रदेशवासियों का हृदय से आभार!