गांव की सरकार के लिए वोटिंग, मतदान केंद्रों पर उमड़े वोटर्स

रायपुर (चैनल इंडिया)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज 53 ब्लॉकों में मतदान हो रहा है। इसके लिए 9,873 मतदान केंद्र बनाए गए। बस्तर संभाग में सुबह 6.45 शुरू हुआ मतदान दो बजे तक वहीं बाकी इलाकों में सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा। नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष सुरक्षा के बीच वोटिंग चल हो रही है। मंगलवार को इसका परिणाम घोषित हो जाएगा।
सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा। वहीं, बस्तर संभाग में सुबह 6.45 शुरू हुआ मतदान दो बजे तक मतदान चलेगा। नगरीय निकाय के विपरित ग्राम सरकार के लिए मत पत्रों के माध्यम से चुनाव हो रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रविवार को मतपत्रों को लेकर मतदान कर्मियों को केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया था। प्रदेश के नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष सुरक्षा के बीच मतदान कराया जा रहा है। साथ ही मतदान कराने वाले कर्मचारियों को हेलीकॉप्टर से भेजा गया है।
पहले चरण के लिए 9873 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पंच के लिए 60,203, सरपंच के लिए 14,646, जनपद पंचायत सदस्य के लिए 4587 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 702 प्रत्याशी मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पहले चरण के मतदान में प्रदेश के सबसे ज्यादा मतदाता बिलासपुर जिला के मस्तूरी ब्लॉक में दो लाख 79 हजार 007 हैं। इसके बाद रायपुर के आरंग ब्लॉक में दो लाख 23 हजार 644 मतदाता हैं।
620 सीटों के लिए नामांकन नहीं
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में पंच-सरपंच की 620 सीटों पर किसी ने नामांकन नहीं किया है। इसमें पंच की 587 और सरपंच की 40 सीटें हैं। पंच की 71917 और सरपंच की 432 सीटों पर केवल एक व्यक्ति ने नामांकन किया हैं। इन सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। पंच के 160161 पदों के लिए 190601, सरपंच पदों के 11671 सीटों के लिए 44801, जनपद पंचायत सदस्य के 2973 पदों के लिए 12587 और जिला पंचायत के 433 सदस्यों के लिए 2114 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव तीन चरण में
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरण में कराए जाएंगे। सोमवार के बाद दूसरे चरण का मतदान 20 फरवरी और तीसरे चरण का 23 फरवरी को होंगे। त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 433, जनपद पंचायत सदस्य के 2973, ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11,671 व वार्ड (पंच) के 1 लाख 60 हजार 161 सहित कुल 1 लाख 75 हजार 258 पदों के लिए तीन चरणों में निर्वाचन संपन्न हो रहे हैं।
आज यहां हो रहा मतदान
मस्तूरी, गौरेला, मुंगेली, बम्हनीडीह, अकलतरा, जैजैपुर, कोरबा, कलतरा, रायगढ़, पुसौर, बरमकेला, सूरजपुर, भैयाथान, कुसमी, राजपुर, शंकरगढ़, अंबिकापुर, लखनपुर, उदयपुर, सोनहत, खडग़वां, बगीचा, आरंग, अभनपुर, भाटापारा, सिमगा, गरियाबंद, मैनपुर, बसना, सरायपाली, धमतरी, मगरलोड, बेमेतरा, नवागढ़, दुर्ग. डौंडीलोहारा, डौंडी, राजनांदगांव, छुईखदान, मानपुर, कवर्धा, सहसपुर-लोहारा, कोंडागांव, जगदलपुर, दरभा, नारायणपुर, कांकेर, चारामा, नरहरपुर, दंतेवाड़ा, गीदम, सुकमा और बीजापुर।