छत्तीसगढ़ में आम आदमी की आमदनी बढ़ी, सर्विस सेक्टर, कृषि और उद्योग में बड़ा ग्रोथ

छत्तीसगढ़ में आम आदमी की आमदनी बढ़ी, सर्विस सेक्टर, कृषि और उद्योग में बड़ा ग्रोथ

रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है और इस साल इसमें और भी तेज़ी देखने को मिलेगी। शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के अनुसार इस साल छत्तीसगढ़ की आर्थिक वृद्धि दर 7.51प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसका मतलब है कि व्यापार, उद्योग और खेती से होने वाली आमदनी में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे लोगों की आमदनी और जीवन स्तर बेहतर होगा।
 छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था तीन मुख्य स्तंभों कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र पर टिकी हुई है। तीनों ही क्षेत्रों में इस साल बढिय़ा प्रदर्शन की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में खेती की अहम भूमिका है। इस साल कृषि, पशुपालन और वानिकी क्षेत्र में 5.38 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। 2023-24 में यह क्षेत्र 48,987 करोड़ का था, जो इस साल 51,621 करोड़ तक पहुंच सकता है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य में उद्योगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस साल उद्योग क्षेत्र में 6.92 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे इसका कुल आकार 1,47,172 करोड़ तक पहुंच सकता है। नई फैक्ट्रियों और कंपनियों के आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते पर्यटन और डिजिटल सेवाओं के कारण इस क्षेत्र में और भी अधिक संभावनाएं हैं।
 आर्थिक सर्वेक्षण में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ की बढ़ती अर्थव्यवस्था पूरे देश के लिए मिसाल है। छत्तीसगढ़ की आर्थिक तरक्की यह साबित कर रही है कि राज्य तेजी से विकास कर रहा है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल हो सकता है। यह न सिर्फ  राज्य के लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है! छत्तीसगढ़ में सिर्फ अर्थव्यवस्था ही नहीं, लोगों की आमदनी भी बढ़ रही है। 2023-24 में प्रति व्यक्ति आय 1,48,922 रुपए थी, जिसके  2024-25 में 1,62,870 रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है। यानि लोगों की कमाई 9.37 प्रतिशत बढ़ेगी, जिससे उनका जीवन स्तर और बेहतर होगा।