महाकुंभ जा रहे कोरबा के 10 श्रद्धालुओं की मौत

प्रयागराज में भीषण हादसा
तेज रफ्तार बोलेरो की बस से भिड़ंत
रायपुर (चैनल इंडिया)। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में भीषण हादसा हो गया। शुक्रवार की रात महाकुंभ में स्नान करने आ रहे कोरबा के श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। बोलेरो की बस से टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि श्रद्धालु उछलकर सडक़ पर गिरे। किसी का हाथ टूटा तो किसी का सिर फट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। 19 घायल हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बोलेरो से निकाला। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में रात 2.30 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के कोरबा के श्रद्धालु बोलेरो में सवार होकर महाकुंभ आ रहे थे। बोलेरो में सभी पुरुष सवार थे। तेज रफ्तार बोलेरो प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर महाकुंभ से लौट रही बस से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि श्रद्धालु छिटककर सडक़ पर गिरे। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। हादसे में बोलेरो सवार 10 लोगों की मौत हो गई। बस सवार श्रद्धालु घायल हुए हैं। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही कमिश्नर, कलेक्टर सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने 10 को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, कोरबा निवासी ईश्वरी जायसवाल, संतोष सोनी, भागीरथी, सोमनाथ, अजय बंजारे, सौरभ सोनी, गंगा दास वर्मा, शिवा राजपूत, दीपक वर्मा और राजू साहू की मौत हुई है। सभी के शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों आने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा। पीएम के बाद शवों को सौंप दिया जाएगा।
सीएम ने शोक जताया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतात्माओं को श्रध्दांजलि अर्पित की है। अपने सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री ने लिखा है कि प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान के लिए जा रहे कोरबा जिले के श्रद्धालुओं से भरी वाहन के उत्तरप्रदेश के प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में दुर्घनाग्रस्त होने के कारण 10 श्रद्धालुओं के निधन की खबर से मन व्यथित है। कोरबा जिला प्रशासन को स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लिखा कि मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ऊं शांति!