संकल्प से सिद्धि कार्यशाला में गूंजा विकसित भारत का नारा,भाजपाइयों ने लिया संकल्प

खरोरा से रोहित वर्मा की रिपोर्ट
खरोरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-नीत एनडीए सरकार के 11 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा देशभर में ‘विकसित भारत का अमृतकाल - सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल’ थीम के तहत उत्साहपूर्ण आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खरोरा के ग्राम बुडेरा में आयोजित ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यशाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष सोना वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का बखान किया और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल (मुख्य वक्ता)ने अपने संबोधन में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है। उनके मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ ने देश के हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर एक साझा संकल्प की ओर अग्रसर किया है।”
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तानी सरजमीं पर 9 आतंकवादी कैंप और 11 एयरबेस को ध्वस्त कर विश्व मंच पर भारत की सैन्य शक्ति का डंका बजाया है। “यह भारत के आत्मविश्वास और सामर्थ्य का प्रतीक है। पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है,” अग्रवाल ने गर्व के साथ बताया।
उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार का विजन समावेशी विकास का है, जो सर्व समाज के कल्याण और समृद्धि पर केंद्रित है। “विकसित भारत का सपना अब केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक साझा संकल्प है, जिसे हम सभी मिलकर सिद्ध करेंगे,” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
कार्यशाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष सोना वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ कार्यकर्ता राजीव अग्रवाल, दुलेश साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित सेन, पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी, सरपंच भरत साहू,प्रेम गिलहरे, बिसौहा देवांगन, छगन यादव ,विकाश ठाकुर, पार्षद पंचराम यादव , जयप्रकाश वर्मा ,तामेश्वर मरकाम , अध्यक्ष महिला मोर्चा पुर्णिमा धनकर ,दीपक धनकर परस नायक, भोला यादव , श्रावण भोई , सत्या मांडले सहित सभी बूथों के अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।