मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर,अलग-अलग जिलों से 50 माओवादी गिरफ्तार
रायपुर। आंध्र प्रदेश में खूंखार नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा के एनकाउंटर के बाद सुरक्षाबलों ने मारेदुमिल्ली इलाके में हुई मुठभेड़ में सात माओवादी ढेर किया है। आंध्र प्रदेश खुफिया विभाग के एडीजी महेश चंद्र लड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृत माओवादियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी की पहचान की जा रही है।
मुठभेड़ में ढेर एक माओवादी मेतुरी जोखा राव उर्फ टेक शंकर श्रीकाकुलम का रहने वाला था आंध्र-ओडिशा बॉर्डर की कमान संभाल रहा था। तकनीकी मामलों का जानकार होने के साथ ही हथियारों, संचार से जुड़ी चीजों पर भी उसकी अच्छी पकड़ थी।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 50 भाकपा (माओवादी) कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। ये ऑपरेशन कृष्णा, एलुरु, एनटीआर विजयवाड़ा, काकिनाड़ा और डॉ. बीआर आंबेडकर कोणासीमा जिले में चलाए गए। गिरफ्तार माओवादियों में शामिल वरिष्ठ माओवादी, संचार मामलों के जानकार, सशस्त्र प्लाटून सदस्य और पार्टी के लोग शामिल हैं। सभी माड़वी हिड़मा के साथ काम कर रहे थे।

admin 








