सरकार ने दी चंद्रयान-4 को मंजूरी, 2028 में चांद से नमूने लाएगा भारत
Chandrayaan-4
नई दिल्ली। इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने पुष्टि की है कि केंद्र सरकार ने चंद्रयान-4 मिशन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह मिशन चंद्रमा की सतह से मिट्टी और पत्थरों के नमूने पृथ्वी पर वापस लाने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है, जो भारत के लिए अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण चंद्र अभियान माना जा रहा है। नारायणन के अनुसार, इस मिशन का लक्ष्य वर्ष 2028 तय किया गया है। अब तक सिर्फ अमेरिका, रूस और चीन ही चांद के नमूने धरती पर सफलतापूर्वक ला पाए हैं, और चंद्रयान-4 के जरिये भारत भी इस विशेष समूह में शामिल होने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
इसके साथ ही इसरो आने वाले वर्षों में अपनी क्षमता को तेजी से बढ़ाने की योजना बना रहा है। संस्था अगले तीन वर्षों में अपने वार्षिक अंतरिक्षयान उत्पादन को तीन गुना करने पर काम कर रही है। यह रणनीति बढ़ती वैश्विक स्पेस-एक्सप्लोरेशन मांगों को पूरा करने और विज्ञान, तकनीक तथा उद्योग में इसरो की भूमिका को मजबूत करने के लिए बनाई गई है।

admin 








