मां द्वारे की तुलसी जैसी, मां बरगद की छाया-सी...

मां ने दिया आशीर्वाद, पीएम मोदी व अमित शाह ने बधाई
अपने गांव बगिया में सादगी से सीएम ने मनाया जन्मदिन
बच्चों के साथ किया न्योता भोज
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर प्रदेश के साथ ही देशभर से मुख्यमंत्री को बधाई मिल रही है। मुख्यमंत्री ने सादगी के साथ जन्मदिन मनाने का फैसला किया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
अपने जन्म दिन के मौके पर मुख्यमंत्री आज अपने गृहग्राम बगिाया पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी कौशल्या साय के साथ अपनी माताजी से आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउण्ट में तस्वीर सांझा करते हुए लिखा कि 'मां द्वारे की तुलसी जैसी, मां बरगद की छाया-सी, मां कविता की सौम्य पंक्तियां, महाकाव्य की काया-सी।'
मुख्यमंत्री ने जन्मदिन सादगी के साथ मनाने का फैसला किया है। आज वे अपने गृह ग्राम बगिया में हैं, जहां वे स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाएंगे। वे बच्चों के लिए न्योताभोज का भी आयोजन करेंगे। मुख्यमंत्री आज सुबह राजधानी में थे। इस दौरान प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और डीजीपी अरुण देव गौतम ने सीएम हाउस जाकर विष्णुदेव साय को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद सीएम यहां से जशपुर रवाना हो गए। वहां से शाम को राजधानी लौटेंगे।
पीएम व अमित शाह के प्रति आभार जताया
जन्मदिन शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के प्रति जताया आभार है। एक्स में लिखा, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं और दयालु शब्दों के लिए हृदय से आभार। आपका दूरदर्शी नेतृत्व मुझे छत्तीसगढ़ की प्रगति और समृद्धि के लिए अथक परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करता है। आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।