पिकनिक मनाने पहुंची युवा टोली के साथ बड़ा हादसा,नदी में डूबे 3 साथी
जांजगीर-चांपा। जिले के देवरी स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्थल में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ। पिकनिक का आनंद लेने पहुंची युवा टोली नदी में नहाने उतरी थी। तेज बहाव में फंसने से हादसा हुआ। तीन लोग लापता हैं। एक युवक व युवती को उपस्थित लोगों ने बचा लिया था।
इन दिनों में देवरी के प्रसिद्ध पिकनिक स्पाॅट के मनोरम नजारे का लुफ्त उठाने बडी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। शनिवार दोपहर हसदेव नदी में नहाने उतरे 5 युवक-युवतियों की जान पर बन आई। अचानक तेज बहाव में डूबे एक युवक कि युवती को तो बचा लिया गया लेकिन 3 साथी लापता हो गए।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रतिक्रिया बल और पंतोरा पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। नदी में तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही। टीम लगातार खोजबीन में जुटी है।
बिलासपुर से दो युवक अंकुर कुशवाहा, आशीष भोई अपनी दो महिला मित्र मोनिका सिन्हा रेखा ठाकुर व अकलतरा के अर्जुन गांव के अपने एक लक्ष्मी शंकर के साथ शनिवार को पिकनिक मनाने देवरी पिकनिक स्थल पहुंचे थे। पांचों मित्र नहाने के लिये नदी में उतरे थे। स्थानीय लोगों ने मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर को डूबने से बचा लिया लेकिन शेष तीन लोगों को नहीं बचा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे का था। लोगों ने मदद करने की कोशिश की लेकिन तीन लोगों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। हसदेव नदी का यह हिस्सा पहले से ही खतरनाक माना जाता है। खासकर मानसून के बाद जब जलस्तर और धारा दोनों बढ़ जाते हैं। बावजूद इसके मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं थे। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है।

admin 

















