डबल मर्डर की गुत्थी सुलझी,बुजुर्ग दंपति की हत्या करने वाले चाचा-भतीजा गिरफ्तार

डबल मर्डर की गुत्थी सुलझी,बुजुर्ग दंपति की हत्या करने वाले चाचा-भतीजा गिरफ्तार

सरगुजा। 22 अक्टूबर की रात हुए डबल मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। बकरे की चोरी करने की वजह से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम कुम्हरता घाघी की थी।

आरोपी करीमन मझवार और श्याम मझवार रिश्ते में चाचा भतीजे हैं। कई दिनों से दोनों लोगों की नजर कुम्हरता घाघी के रहने वले रीमा लकड़ा और उसकी पत्नी उर्मिला लकड़ा के बकरे पर थी। 22 अक्टूबर की रात को करीमन मझवार और श्याम मझवार ने रीमा और उर्मिला के घर में सोने के लिए जगह मांगी। बुजुर्ग दंपति ने दोनों को सोने के लिए घर में जगह दे दी थी। उसके बाद दोनों आरोपियों ने देर रात को बकरे की चोरी  की और बुजुर्ग दंपति को घर में रखे कुल्हाड़ी से काट डाला। उसके बाद बकरा चोरी कर वे फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भिजवाया। घटना को लेकर एसएसपी राजेश अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए। आस पास के लोगों से पूछताछ की गई तो पुलिस को पता चला कि दोनों दंपति ने बकरा पाला था। पुलिस ने तफ्तीश की तो बकरा नहीं मिला। उसके बाद पुलिस ने बकरा चोरी का एंगल भी खंगाला। इस दौरान पुलिस को पता चला कि दरिमा के पंपापुर निवासी करीमन मझवार और श्याम बकरा चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत मे लिया और पूछताछ की। दोनों ने मर्डर के जुर्म को स्वीकार कर लिया। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।