सतीश शाह को मरणोपरांत मिले पद्मश्री, FWICE ने पीएम मोदी से की विशेष अपील
मुंबई। बॉलीवुड और टेलीविजन जगत के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी अमर अदाकारी आज भी लाखों दिलों में बसी हुई है। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार देने की मांग की है।
FWICE के पत्र में कहा गया है, "हम विनम्रतापूर्वक आपसे निवेदन करते हैं कि भारत के सबसे प्रिय और सम्मानित कलाकारों में से एक, दिवंगत सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार प्रदान करने पर विचार करें।" फेडरेशन ने शाह की बहुमुखी प्रतिभा की सराहना करते हुए बताया कि उनकी कॉमिक टाइमिंग और भावनात्मक गहराई ने देशभर में हंसी-खुशी का संचार किया। 'ये जो है जिंदगी', 'साराभाई वर्सेज साराभाई', 'जाने भी दो यारो', 'मैं हूं ना', 'ओम शांति ओम', 'गोलमाल' और 'फिल्मी चक्कर' जैसी कालजयी कृतियों ने उन्हें हर घर का चहेता बना दिया।
बता दें, 25 अक्टूबर 2025 को 74 वर्षीय सतीश शाह ने किडनी फेलियर से जूझते हुए मुंबई में अंतिम सांस ली। FWICE का यह कदम न केवल उनके परिवार को सांत्वना देगा, बल्कि भारतीय मनोरंजन उद्योग के इस 'हास्य सम्राट' को सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी। पीएम कार्यालय से जल्द सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद की जा रही है।

admin 

















