दीपावली से पहले NMDC कर्मियों के लिए बड़ी सौगात, 75% एरियर भुगतान, यूनियन और प्रबंधन की सराहनीय पहल
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
किरंदुल। दीपावली से पहले एनएमडीसी के कर्मचारियों के लिए आई है खुशखबरी!
राष्ट्रीय खनिज विकास निगम यानी NMDC ने अपने पात्र कर्मचारियों को तीन साल दस माह से लंबित वेतन पुनरीक्षण (एरियर्स) की 75% राशि उनके बैंक खातों में जमा कर दी है।
धनतेरस से पहले आई इस सौगात से कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। इस कदम से न केवल कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि प्रबंधन और यूनियनों के बीच आपसी विश्वास भी और गहरा हुआ है।

मेटल माइनर्स वर्कर्स यूनियन (INTUC), किरंदुल ने इस फैसले के लिए NMDC के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी और उनकी टीम की सराहना की है। यूनियन ने कहा कि सीएमडी मुखर्जी का दूरदर्शी और कर्मचारी हितैषी नेतृत्व कंपनी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला है।
ऑल इंडिया NMDC वर्कर्स फेडरेशन और प्रबंधन की यह संयुक्त पहल श्रमिक कल्याण की दिशा में एक नया मील का पत्थर साबित हुई है। फेडरेशन के अध्यक्ष, महामंत्री और सभी पदाधिकारियों ने इसे दीपावली से पहले कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा तोहफा बताया है।
नई दिल्ली में हुई त्रिपक्षीय बैठक में यह अहम फैसला लिया गया था, जिसमें NMDC प्रबंधन और वर्कर्स फेडरेशन के बीच वेतन बकाया और अन्य मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। बैठक में यह वादा किया गया था कि दीपावली से पहले 75% एरियर का भुगतान किया जाएगा और अब यह वादा पूरा कर दिया गया है।

INTUC यूनियन ने उम्मीद जताई है कि दीपावली के बाद शेष 25% एरियर भुगतान और नए वेतनमान को लागू करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
इसके साथ ही बेसिक वेतन और महंगाई भत्ता (DA) लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे।
कुल मिलाकर, NMDC की यह पहल न केवल आर्थिक रूप से राहत देती है बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को भी ऊँचा करती है और दीपावली का त्योहार उनके लिए और भी खास बना देती है।

admin 

















