पश्चिम अफ्रीका के तट पर प्रवासी नाव डूबने से 70 से अधिक मौतें: गंभीर मानवीय त्रासदी

नई दिल्ली। पश्चिम अफ्रीका के तट के पास एक प्रवासी नाव डूबने से कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा गाम्बिया से रवाना हुई नाव का है, जिसमें ज्यादातर गाम्बिया और सेनेगल के नागरिक सवार थे। नाव मॉरिटानिया के तट के पास बुधवार तड़के डूब गई। अनुमानित 150 लोगों में से केवल 16 लोगों को जीवित बचाया जा सका है। मॉरिटानियाई प्रशासन ने बुधवार और गुरुवार को 70 शव बरामद किए हैं, जबकि चश्मदीद और अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या 100 से अधिक हो सकती है।
यह मार्ग, जो पश्चिम अफ्रीका से कैनरी द्वीप तक फैला है, प्रवासियों के लिए सबसे खतरनाक रास्तों में से एक माना जाता है। पिछले साल, 46,000 से अधिक अप्रवासी कैनरी द्वीप पहुंच सके थे, लेकिन इस कठिन सफर में 10,000 से ज्यादा लोगों की जान भी चली गई थी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 58 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है। इस ट्रैजिक हादसे के बाद गाम्बिया के विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की खतरनाक यात्रा से बचें क्योंकि यह लगातार कई लोगों की जान ले रही है।