ISRO ने पेश किया भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का मॉडल, 2035 तक होगा तैयार

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने देश का पहला भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (Indian Space Station) का मॉडल प्रदर्शित किया है। इसरो के इस कदम को भारत के अंतरिक्ष मिशनों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह अंतरिक्ष स्टेशन वर्ष 2035 तक पूरी तरह से तैयार होकर संचालन में आ सकता है। इस स्पेस स्टेशन का मुख्य उद्देश्य अंतरिक्ष में लंबे समय तक वैज्ञानिक अनुसंधान करना, मानवयुक्त मिशनों को समर्थन देना और भविष्य में गहरे अंतरिक्ष अभियानों की नींव रखना होगा।
इसरो ने बताया कि यह स्टेशन अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा और इसे कई मॉड्यूल्स के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें अंतरिक्ष यात्रियों के रहने, रिसर्च करने और प्रयोगों के लिए आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस परियोजना के सफल होने से भारत अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में अमेरिका, रूस और चीन जैसी बड़ी शक्तियों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।
भारत का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट न केवल देश की अंतरिक्ष क्षमता को और मज़बूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को भी नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।