मुझे छत्तीसगढ़ में ही रहने दीजिए : डॉ. रमन

राज्यपाल बनाए जाने की अटकलों को किया खारिज
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने महाराष्ट्र के राज्यपाल बनाए जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि मैं छत्तीसगढ़ में अच्छे से हूं। विधानसभा का संचालन भी बेहतर ढंग से हो रहा है। वे ये कहने से भी नहीं चूके कि जब विधानसभा अध्यक्ष निष्पक्ष भाव से सदन का संचालन करते हैं तो विधानसभा ठीक ढंग से चलती है। बीते डेढ़ वर्ष के दौरान यह सभी ने देखा है। एक सवाल के जवाब में कहा कि पक्ष विपक्ष की राजनीति बेहतर ढंग से चल रही है।
डॉ. रमन सिंह एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने राज्यपाल बनाए जाने के अटकलों पर विराम लगा दिया। वे बोले छत्तीसगढ़ में वे भले से हैं। यहां की राजनीति को उनको रास आ रही है। फिलहाल राज्यपाल बनाए जाने की संभावनाओं पर विराम लगा दिया। वे यह भी बोले कि मीडिया वाले अपने हिसाब से यह चलाते रहते हैं। इसमें सच्चाई नहीं है। वे फिर बोले,मेरा आग्रह है कि मुझे छत्तीसगढ़ में ही रहने दीजिए।
छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री न्यायालय पर रखें भरोसा
छत्तीसगढ़ में संवैधानिक व्यवस्थाओं के विपरीत 14 मंत्री बनाए जाने के सवाल पर डा. रमन सिंह ने कहा कि इस मामले में जो लोग बोल रहे हैं, उन्हें न्यायालय पर भरोसा रखना चाहिए। हरियाणा में बीते पांच-छह साल से इसी फार्मूले के आधार पर 14 मंत्री काम कर रहे हैं। 13.5 की जगह 14 मंत्रियों की व्यवस्था चल रही है। इसे लेकर कोई कोर्ट में जा रहा है, तो जाना चाहिए। लेकिन न्यायालय का फैसला अंतिम होगा। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में 14 मंत्री रहें तो यह अच्छा ही है।