समाजसेवी गोलू शराफ ने वृद्ध आश्रम में मनाया जन्मदिन, बुजुर्गों की सेवा कर दिया मानवता का संदेश

जांजगीर-चांपा से राजेश राठौर की रिपोर्ट
खोखरा। मनका दाई परिसर स्थित वृद्ध आश्रम में समाजसेवी गोलू शराफ का जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों और बेसहारा लोगों को स्वयं भोजन कराकर अपना दिन उनके नाम समर्पित किया।
गोलू शराफ ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव का दिन नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे सेवा और सद्भावना के कार्यों से जोड़ना चाहिए। जब हम वृद्धों और असहाय लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं, तभी जीवन का सही उद्देश्य पूरा होता है।
इस कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजन सेवा पाकर भावुक हो उठे। भोजन वितरण के दौरान वातावरण मानवीय संवेदनाओं से भर गया। उपस्थित समाजसेवियों ने भी बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके सुख-दुख की बातें सुनीं।
इस मौके पर आनंद राठौर, दिलीप राठौर, लाला राठौर, वेद प्रकाश, विकेश सिंह सिंधी समेत कई कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर आश्रम में सेवा कार्यों में सहभागिता की और यह संदेश दिया कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हम अपने बुजुर्गों और बेसहारा लोगों का सम्मान और सहयोग करें।