भारत में महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए रिकॉर्ड प्राइज मनी की घोषणा
Women's Cricket World Cup 2025

नई दिल्ली। ICC ने भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से 2 नवंबर तक होने वाले महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए पुरस्कार राशि में चार गुना बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस टूर्नामेंट के लिए कुल पुरस्कार राशि 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 122.5 करोड़ रुपये) निर्धारित की गई है, जो पिछली बार 2022 में न्यूजीलैंड में हुए विश्व कप की 3.5 मिलियन डॉलर की राशि से 297 प्रतिशत अधिक है। यह राशि 2023 में हुए पुरुषों के क्रिकेट विश्व कप के 10 मिलियन डॉलर के पुरस्कार से भी अधिक है।
विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग 39.55 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जो 2022 में ऑस्ट्रेलिया को मिले 1.32 मिलियन डॉलर से 239 प्रतिशत अधिक है। उप-विजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर मिलेंगे, जो पिछले टूर्नामेंट के 600,000 डॉलर की तुलना में 273 प्रतिशत की वृद्धि है। सेमी-फाइनल में हारने वाली दो टीमें प्रत्येक 1.12 मिलियन डॉलर प्राप्त करेंगी, जबकि हर टीम को कम से कम 250,000 डॉलर की गारंटी है। ग्रुप स्टेज में जीत पर टीमों को 34,314 डॉलर अतिरिक्त मिलेंगे। पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमें 700,000 डॉलर और सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमें 280,000 डॉलर कमाएंगी।
ICC अध्यक्ष जय शाह ने इस पुरस्कार राशि में वृद्धि को महिला क्रिकेट के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और कहा कि यह कदम महिला खिलाड़ियों को पुरुष खिलाड़ियों के बराबर सम्मान और अवसर देने के लिए है। उन्होंने यह भी बताया कि यह वृद्धि महिला क्रिकेट की लोकप्रियता और उसकी आर्थिक स्थिरता को बढ़ाने में मदद करेगी।
टूर्नामेंट भारत के गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापत्तनम और श्रीलंका के कोलंबो में होगा।
यह घोषणा महिला क्रिकेट की प्रति ICC की प्रतिबद्धता और महिला खिलाड़ियों के लिए समान पारिश्रमिक नीति के तहत आई है।