सीएम साय ने तिरंगा लहराकर सरदार 150 युनिटी मार्च में शामिल होने युवाओं को किया रवाना

सीएम साय ने तिरंगा लहराकर  सरदार 150 युनिटी मार्च में  शामिल होने युवाओं को किया रवाना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज तिरंगा लहराकर सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रायपुर से युवाओं की टोली को बस द्वारा नागपुर के लिए रवाना किया। टोली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशभर से चयनित 72 युवा शामिल है। यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया के द्वारा आयोजित सरदार 150 युनिटी मार्च में नागपुर (नर्मदा प्रवाह) में शामिल होने के लिए रायपुर से युवाओं की टोली रवाना हुई है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद थे। देश की एकता अखंडता व संप्रभुता के संस्थापक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। देशभर के सभी राज्य के जिलों से हजारों की संख्या में युवा सहभागी के रूप में शामिल होंगे। युनिटी मार्च देश के प्रमुख चार केंद्रों से निकल रही है। प्रत्येक केंद्रों में 6-7 राज्यों के युवा शामिल होंगे। देशभर के सभी राज्यों के युवाओं को अलग-अलग केंद्रों से मार्च में शामिल होना है। दिल्ली के केन्द्र को गंगा प्रवाह, जयपुर के केन्द्र को यमुना प्रवाह, नागपुर के केन्द्र को नर्मदा प्रवाह और मुंबई के केन्द्र को गोदावरी प्रवाह नाम दिया गया है।

युनिटी मार्च की यात्रा 24 नवम्बर को नागपुर से बस द्वारा प्रारंभ होगी। जो 25 नवम्बर को बैतूल, 26 नवम्बर को इंदौर और 27 नवम्बर को गोधरा से आनंद करमसद पहुंचेगी। करमसद से एकतानगर तक पदयात्रा में शामिल होते हुए युवाओं की टोली 30 नवम्बर को स्टैच्यू ऑफ युनिटी का सामूहिक अवलोकन करेगी। वापस युवा रायपुर की ओर प्रस्थान करेंगे। सात दिनों की इस यात्रा के समस्त पड़ाव में अनेक छोटे-बड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं। समस्त युवा प्रतिभागी शामिल होंगे।