साइंस कॉलेज चौपाटी पर चला बुलडोजर : विरोध करने पर पूर्व विधायक उपाध्याय समेत कई कांग्रेसी गिरफ्तार

साइंस कॉलेज चौपाटी पर चला बुलडोजर : विरोध करने पर पूर्व विधायक उपाध्याय समेत कई कांग्रेसी गिरफ्तार

रायपुर (चैनल इंडिया)। साइंस कॉलेज चौपाटी को हटाने के लिए शुक्रवार तडक़े शुरू हुई नगर निगम की कार्रवाई ने शहर का माहौल गरम कर दिया। सुबह पांच बजे से पहले ही चौपाटी खाली करने का आदेश जारी किए थे। जिसके विरोध में व्यापारी रातभर से धरने पर बैठे रहे।

वहीं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी भी व्यापारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम की टीम सुबह होते ही जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने जीसीबी के सामने लेटकर विरोध जताया। तनावपूर्ण माहौल के बीच निगम अमले और प्रदर्शनकरियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को अस्थायी रूप से बनाई गई रायपुर सेंट्रल जेल ले जाया गया है। उधर चौपाटी हटाने की बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी है।

कांग्रेस नेताओं ने निगम अधिकारियों से हाथ जोडक़र अपील की है कि व्यापारियों की रोजी-रोटी न उजाड़ी जाए। लेकिन निगम प्रशासन ने शासकीय कार्य में बाधा का हवाला देते हुए कार्रवाई जारी रखी। तनाव और भारी विरोध के बीच साइंस कॉलेज चौपाटी पर माहौल अभी भी बेहद गरम है।