रेलवे प्लेटफॉर्म पर लाखों का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे खेप, 9.27 लाख रुपए का माल जब्त
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की नॉर्थ जोन पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.949 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रंगेहाथ पकड़ा गया। कार्रवाई थाना गुढ़ियारी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश तस्करी के लिए जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके बैग से 17 किलो 949 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 27 हजार रुपए आंकी गई है।
उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में राघवेन्द्र सिंह (22) निवासी कानपुर देहात, उत्तरप्रदेश तथा झम्मन सिंह (38) निवासी अलीगढ़, उत्तरप्रदेश शामिल हैं। दोनों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

admin 









