शहीद दिवस पर किरंदुल में INTUC ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

शहीद दिवस पर किरंदुल में INTUC ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

गांधी भवन में सभी ने रखा दो मिनट का मौन

किरंदुल। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार 30 जनवरी  को मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC), किरंदुल द्वारा गांधी भवन (INTUC श्रमिक सदन) में गरिमामय एवं भावनात्मक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूनियन अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव एके सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान प्रातः 11 बजे से 11:02 बजे तक यूनियन पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभागीय प्रतिनिधि, ठेका श्रमिक, सुरक्षा गार्ड, यूनियन सदस्य तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित समस्त अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। संपूर्ण वातावरण शांत, अनुशासित एवं श्रद्धा से परिपूर्ण रहा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद दिवस हमें उन वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, सम्मान और एकता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। महात्मा गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग तथा शहीदों के त्याग से हमें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने शहीदों के सपनों का भारत बनाने, सामाजिक एकता बनाए रखने और गांधी जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अंत में “शहीदों का बलिदान अमर है” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ श्रद्धांजलि सभा भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।