12 फरवरी हड़ताल से खदान मजदूर संघ ने बनाई दूरी, ईडी को सौंपा ज्ञापन

12 फरवरी हड़ताल से खदान मजदूर संघ ने बनाई दूरी, ईडी को सौंपा ज्ञापन

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट 

किरंदुल। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध एनएमडीसी किरंदुल कॉम्प्लेक्स में संचालित खदान मजदूर संघ ने 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित आम हड़ताल में शामिल न होने का स्पष्ट निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स के अधिशासी निदेशक रबिन्द्र नारायण को ज्ञापन सौंपकर अपनी स्थिति से अवगत कराया।

ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय इस्पात मंत्री, बस्तर सांसद, एनएमडीसी के सीएमडी, निदेशक (उत्पादन), कलेक्टर दंतेवाड़ा, पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ समादेशक तथा थाना प्रभारी किरंदुल को भी प्रेषित की गई है। संघ ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रहित, उद्यम हित एवं श्रमिक हितों को सर्वोपरि रखते हुए 12 फरवरी को सभी सदस्य सामान्य दिनों की तरह अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित रहेंगे।

बीएमएस ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल कुछ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आहूत है, जिसे संगठन राजनीतिक रूप से प्रेरित मानता है। संघ ने दोहराया कि वह श्रम संहिताओं के सकारात्मक पहलुओं का समर्थन करता है, जबकि कुछ बिंदुओं पर अपनी आपत्तियाँ सरकार के समक्ष पहले ही रख चुका है, जिन पर समाधान का आश्वासन दिया गया है।

संघ का कहना है कि सरकार श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कदम उठा रही है और बीएमएस श्रमिक हितों के प्रतिकूल किसी भी नीति का विरोध करता रहेगा, लेकिन राजनीतिक आंदोलनों से दूरी बनाए रखेगा। इस अवसर पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव सहित राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी और सुरेश ठाकुर उपस्थित रहे।