रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते 2 आरोपी गिरफ्तार, 1.70 लाख का माल जब्त

रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते 2 आरोपी गिरफ्तार, 1.70 लाख का माल जब्त

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वेस्ट जोन की टीम ने की। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नगद समेत करीब 1.70 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे दो युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा व सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विशाल धामेचा (28) और सौरभ पंजवानी (30) निवासी रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें ऑनलाइन बेटिंग साइट ‘ऑल पैनल एक्सचेंज’ के माध्यम से आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खिलाने और खेलने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा संचालन में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा 112(2) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 62/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की जानकारी भी मिली है। उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।