पिस्टल-देशी कट्टा दिखाकर दहशत फैलाने वाले 7 बदमाश गिरफ्तार,4 हथियार जब्त
राजनांदगांव। शहर में हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दो पिस्टल, दो देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
यह संयुक्त कार्रवाई चौकी चिखली पुलिस और सायबर सेल राजनांदगांव की टीम ने की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
कब्रिस्तान के पास हथियार दिखाकर फैला रहे थे दहशत
12 फरवरी को शंकरपुर क्षेत्र के नागरिकों ने सूचना दी कि “चार्ली” नामक युवक अपने साथियों के साथ डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल और कट्टा दिखाकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर चार संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली, डिगंबर साहू उर्फ छोटू, सेवक कश्यप उर्फ डाला और गुंजेश वर्मा उर्फ शिया बताया। तलाशी के दौरान शिवम के पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस तथा डिगंबर के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ।

मध्यप्रदेश से खरीदे थे हथियार
पूछताछ में शिवम उर्फ चार्ली ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख निवासी चंद्रखुरी (दुर्ग) के साथ मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से दो पिस्टल और दो देशी कट्टा खरीदे थे। हथियारों को क्षेत्र में रौब जमाने और बिक्री के लिए लाया गया था।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने दुर्ग में दबिश देकर विक्की देशमुख उर्फ मोनू के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया। वहीं सूचना मिली कि उमेश साहू उर्फ बठालू अपने साथी जतीनदास मानिकपुरी के साथ राजनांदगांव आ रहा है। पुलिस ने मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। तलाशी में जतीनदास के पास से एक पिस्टल बरामद हुई।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी सातों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा Arms Act, 1959 की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
जब्त सामग्री
02 नग पिस्टल
02 नग देशी कट्टा
01 नग जिंदा कारतूस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध हथियार रखने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

admin 









