Big News : रायपुर में डकैती की साजिश फेल : तलवार-डंडों के साथ स्कॉर्पियो में घूम रहे 6 आरोपी गिरफ्तार

Big News :  रायपुर में डकैती की साजिश फेल : तलवार-डंडों के साथ स्कॉर्पियो में घूम रहे 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर केनाल रोड पर डकैती की योजना बना रहे आधा दर्जन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तलवार, लकड़ी के डंडे, हॉकी स्टिक और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर डकैती की योजना बना रहे हैं और उनके पास घातक हथियार मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान दुर्गा नगर केनाल रोड के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो वाहन को रोका। वाहन में कुल 6 युवक सवार थे, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।


तलाशी के दौरान वाहन से एक तलवार, चार लकड़ी के डंडे और एक हॉकी स्टिक बरामद की गई। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने डकैती की योजना बनाना और हथियारों के इस्तेमाल की बात स्वीकार कर ली।


पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 50/26, धारा 310(4), 313 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त स्कॉर्पियो वाहन का नंबर CG 23 J 6367 बताया गया है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी 
टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला (30), निवासी इंदिरा मार्केट, गोबरा नवापारा
आलोक साहनी (23), निवासी साहनी पारा, गोबरा नवापारा
नितेश साहनी (24), निवासी साहनी पारा, गोबरा नवापारा
शुभम साहनी (19), निवासी बढ़ईपारा, गोबरा नवापारा
इन्द्र कुमार उर्फ सुमित निषाद (25), निवासी दीनदयाल उपाध्याय नगर, गोबरा नवापारा
कुंदन साहनी (20), निवासी साहनी पारा, गोबरा नवापारा