आरक्षक से जुड़ा हेरोइन कनेक्शन : खरीदार के कब्जे से चिट्टा और जिंदा कारतूस जब्त
टिकरापारा पुलिस की एंड-टू-एंड जांच, NDPS व आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ीं
रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस ने 11 फरवरी को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार आरक्षक हिमांशु बर्मन को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उसने 6 ग्राम चिट्टा लक्की सिंह को बेचा था। जानकारी की तस्दीक के बाद पुलिस ने 13 फरवरी को लक्की सिंह (28) को 5.5 ग्राम चिट्टा हेरोइन और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे खुला मामला
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक युवक वाहन में बैठकर चिट्टा बेचने की फिराक में है। घेराबंदी कर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन के रूप में हुई थी, जिसके पास से 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। रिमांड के दौरान मिले सुराग के आधार पर लक्की सिंह को दबोचा गया। पूछताछ में उसने 6 ग्राम चिट्टा खरीदने, आधा ग्राम सेवन करने और शेष 5.5 ग्राम अपने पास रखने की बात कबूली। तलाशी में एक जिंदा कारतूस भी मिला।
बढ़ाई गईं धाराएं
प्रकरण में अब धारा 21बी, 29 NDPS एक्ट और 25 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और स्रोत से गंतव्य तक की पूरी कड़ी की जांच जारी है।

admin 









