रायपुर में भारी मात्रा में गौ मांस मिलने से आक्रोश,गौ सेवकों ने तस्करी का लगाया आरोप
रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार को गौ मांस मिलने से हड़कंप मच गया। गौ सेवकों ने क्षेत्र में गौ मांस की तस्करी का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विधानसभा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक चारपहिया वाहन और गौ मांस के अवशेष जब्त किए हैं।
स्थानीय गौ सेवकों को विधानसभा क्षेत्र के एक इलाके में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक वाहन में गौ मांस जैसी वस्तु रखी हुई है। इसकी सूचना तत्काल विधानसभा थाना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली।
पुलिस ने मौके से संदिग्ध चारपहिया वाहन और गौ मांस के अवशेष जब्त किए हैं। साथ ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गाय की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद आरोपियों ने बिना अनुमति के उसका मांस काटा था।
गाय के मालिक ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने बताया कि मृत गाय का मांस काटने और उसे छिपाने का प्रयास किया गया था।विधानसभा थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की तैयारी में है।
विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गौ मांस बरामद किया गया है और संदेहियों से पूछताछ चल रही है। मामले की विस्तृत जानकारी और जांच रिपोर्ट पुलिस अधिकारी जल्द साझा करेंगे।

admin 












