खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 14 फरवरी से, सीएम का केंद्रीय खेलमंत्री को न्योता

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 14 फरवरी से, सीएम का केंद्रीय खेलमंत्री को न्योता
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री मांडविया को उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना समूचे राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है, यह अवसर राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने अवगत कराया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 07 मुख्य खेलों की स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी। वहीं 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढऩे का अवसर मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।