गांधी भवन किरंदुल में गरिमामय आयोजन,इंटक यूनियन ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती

गांधी भवन किरंदुल में गरिमामय आयोजन,इंटक यूनियन ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

किरंदुल। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC), किरंदुल के तत्वावधान में महान क्रांतिकारी एवं आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी 2026 को गांधी भवन, श्रमिक सदन इंटक यूनियन में श्रद्धा, अनुशासन और प्रखर राष्ट्रभक्ति के वातावरण में गरिमामय रूप से मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ यूनियन पदाधिकारियों द्वारा नेताजी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि एवं पुष्पमाला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ किया गया। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी सदस्य, ठेका श्रमिक एवं सुरक्षा गार्ड बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यूनियन के सचिव एके सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन, क्रांतिकारी विचारों और आज़ाद हिंद फ़ौज की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और आत्मसम्मान का प्रतीक है।

यूनियन के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि नेताजी के आदर्श वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं और उनके विचारों को अपनाकर ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन सचिव राकेश लाल द्वारा किया गया तथा अंत में संगठन सचिव सादाब जिलान ने आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने नेताजी के आदर्शों को अपनाने और संगठन व राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।