धमतरी के जंगल में उड़ने वाली गिलहरी की झलक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में दिखी इंडियन जाइंट फ्लाइंग स्क्वीरेल

धमतरी के जंगल में उड़ने वाली गिलहरी की झलक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में दिखी इंडियन जाइंट फ्लाइंग स्क्वीरेल
धमतरी (चैनल इंडिया)। जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक बार फिर प्रकृति का दुर्लभ और मनमोहक रूप सामने आया है। जंगल में इंडियन जाइंट फ्लाइंग गिलहरी की शानदार तस्वीर कैमरे में कैद हुई जिसे देखकर वन्यजीव प्रेमी उत्साहित हैं। यह प्रजाति अपने आकर्षक रंगों और अनोखी उड़ान क्षमता के कारण बेहद खास मानी जाती है।
टाइगर रिजर्व के गहरे जंगलों में भारत की सबसे बड़ी उडऩे वाली गिलहरियों में शामिल यह फ्लाइंग गिलहरी की प्रजाति आमतौर पर रात में सक्रिय रहती है और पेड़ से पेड़ तक लंबी छलांग लगाकर ग्लाइड करती है। इसके शरीर पर गहरे भूरे, लाल, सुनहरे और काले रंगों का अनोखा मेल होता है, जिससे इसे ‘इंद्रधनुषी गिलहरी’ भी कहा जाता है। रंगों के आकर्षक पैटर्न और बड़े आकार के कारण यह फोटोग्राफर्स और वाइल्ड लाइफ रिसर्चर्स के लिए रोचक विषय रहती है। उदंती-सीतानदी क्षेत्र में इस तरह की दुर्लभ प्रजातियों की उपस्थिति इस जंगल की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती है।