भाजपा के 'राष्ट्रीय अध्यक्ष' बनेंगे नितिन नवीन : PM मोदी की मौजूदगी में होगा शपथ ग्रहण
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इतिहास में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज आधिकारिक तौर पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के 'राष्ट्रीय अध्यक्ष' का पदभार संभालेंगे। दिल्ली में होने वाले इस भव्य समारोह के लिए भाजपा मुख्यालय में विशेष तैयारियां की गई हैं।
पदभार ग्रहण से पहले मंदिरों में दर्शन
नितिन नवीन ने आज सुबह की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों और आशीर्वाद के साथ की।
-
सुबह 08:00 बजे: झंडेवालान मंदिर में देवी के दर्शन किए।
-
वाल्मीकि और हनुमान मंदिर: इसके बाद वे वाल्मीकि मंदिर और कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुँचे।
-
गुरुद्वारा बंगला साहिब: पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने बंगला साहिब गुरुद्वारे में माथा टेककर अरदास की।
PM मोदी और दिग्गजों की मौजूदगी में होगा समारोह
बीजेपी मुख्यालय में दोपहर 11:30 बजे पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और निवर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा उपस्थित रहेंगे। साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और देश भर से आए पार्टी पदाधिकारी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष
राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी के. लक्ष्मण के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नवीन का ही नामांकन प्राप्त हुआ था। उनके समर्थन में 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जो सभी जांच में वैध पाए गए। इसके साथ ही वे निर्विरोध भाजपा के नए कप्तान चुने गए हैं।

admin 









