प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी, अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड

प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी, अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा जिला अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री और राजधानी रायपुर में 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। सर्द हवाओं के चलते लोगों को ठंड का अधिक एहसास हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। रायपुर शहर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है।