भारतीय मजदूर संघ का 70वां स्थापना दिवस : चांपा में उत्साहपूर्वक मनाया गया आयोजन

भारत माता की जय!
जांजगीर-चाम्पा से राजेश राठौर की रिपोर्ट
चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ, चाम्पा एवं भारतीय मजदूर संघ, जिला जांजगीर के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय मजदूर संघ के 70वें स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय मंत्री एवं जिला मजदूर संघ की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती गीता सोनी उपस्थित रहीं। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ की “शून्य से शिखर तक” की संघर्षपूर्ण यात्रा को याद करते हुए श्रमिकों की एकता और संगठन की शक्ति को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ, चाम्पा के शाखा अध्यक्ष अजय कुमार ने की। इस अवसर पर शाखा सचिव धर्मेन्द्र गिरी, उपाध्यक्ष असित हलदार, कार्यालय सचिव ज्योतिष कुमार, सतपाल कंवर, त्रिलोकचंद मिरी, जिला मजदूर संघ कार्यकारिणी सदस्य गजानन बनारे और शोभा यादव सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में संघ की रीति-नीति, श्रमिक कल्याण और सामाजिक योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ न केवल मजदूरों की आवाज है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में एक सशक्त भागीदार भी है।
समापन पर “भारतीय मजदूर संघ अमर रहे! अमर रहे!” के नारों से कार्यक्रम गूंज उठा।