पांच जिलों में 174 किमी सड़क के लिए 665 करोड़ मंजूर

पांच जिलों में 174 किमी सड़क के लिए 665 करोड़ मंजूर
डबल इंजन सरकार में विकास को मिल रही नई गति: सीएम
रायपुर (चैनल इंडिया)। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में चार सडक़ खंडों के मजबूतीकरण, चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए 664 करोड़ 67 लाख रुपये मंजूर किए हैं। सीआरआईएफ  से प्राप्त होने वाली इस राशि से राज्य के पांच जिलों में करीब 174 किलोमीटर सडक़ों के विकास और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने आज राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव को भेजा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में सडक़ों के विकास के लिए इतनी बड़ी राशि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा भारत सरकार को चार सडक़ खंडों के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के प्रस्ताव भेजे गए थे। इन्हें मंजूर करते हुए केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सडक़ अधोसंरचना निधि के अंतर्गत मुंगेली, कांकेर, सुकमा/दंतेवाड़ा एवं गरियाबंद जिलों में 664.67 करोड़ रुपये की लागत से 173.70 किलोमीटर लंबी सडक़ परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीआरआईएफ से मंजूर की गई इस राशि के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सडक़ों के निर्माण में केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है। इस राशि से मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जैसे दूरवर्ती जिलों में सडक़ों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन होगा। इससे राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में परिवहन बेहतर होगा।