खनिज निगम में अध्यक्ष पद दिलाने का झांसा देकर भाजपा के वरिष्ठ नेता से लाखों की ठगी

कोंडागांव। खनिज निगम में अध्यक्ष पद दिलाने का झांसा देकर भाजपा के वरिष्ठ नेता से 41 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी की यह वारदात केशकाल के वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष कटारिया के साथ हुई है। प्रार्थी वर्तमान में कोंडागांव भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य हैं और अविभाजित मध्यप्रदेश में बस्तर जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
पीड़ित नेता को वर्ष 2024 में काजल जोशी उर्फ कोमल झुंगले और राजीव सोनी नामक आरोपियों ने खुद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पदाधिकारी बताकर झांसे में लिया था। दोनों ने भरोसा दिलाया था कि वे खनिज निगम में अध्यक्ष पद दिला सकते हैं। इसके एवज में अलग-अलग किश्तों में कुल 41 लाख 30 हजार रुपए आरोपियों ने लिए। आरोपियों ने तरह-तरह के दस्तावेज और रसूख दिखाकर पीड़ित को विश्वास में लिया था। पीड़ित को न तो कोई पद मिला और न ही रकम लौटाई गई। पीड़ित ने बार-बार पैसा वापस मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। तंग आकर पीड़ित ने केशकाल थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही है।