रायपुर में दिलदहला देने वाली वारदात,पति ने गर्भवती पत्नी को उतारा मौत के घाट

रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने नवविवाहिता की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। महिला की हत्या उसी के पति ने ही की थी। घटना ग्राम छतौद में हुई थी। मृतिका नवविवाहिता होने के साथ 7 माह की गर्भवती थी। निजी कारणों से आरोपी पति ने गुस्से में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी का खून लगा टी-शर्ट जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस का अपराध दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी ने मृतिका के परिजनों व ग्राम निवासियों से विस्तृत पूछताछ की। मृतिका के पति प्रदुम निर्मलकर पर सभी ने शंका जाहिर की। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी प्रदुम निर्मलकर पिता श्याम लाल निर्मलकर 24 साल ग्राम छतौद थाना तिल्दा नेवरा जिला रायपुर का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक मृतका के भाई रोहा राम रजक निवासी दौरेंगा बलौदाबाजार ने घटना की 10 जुलाई को शिकायत की थी। उसने बताया था कि उसकी छोटी बहन सुरूज की शादी एक साल पूर्व ग्राम छतौद निवासी प्रदुम निर्मलकर के साथ हुई थी। शादी के बाद अपने पति के साथ संयुक्त परिवार में ग्राम छतौद में रह रही थी। वर्तमान में करीब 7 माह की गर्भवती थी। 10 जुलाई को सुबह 8ः30 बजे करीब दामाद प्रदुम निर्मलकर ने फोन कर बताया था कि सुरूज की तबीयत सीरियस है। अपने परिवार के लोगों के साथ रोहा राम ग्राम छतौद आकर देखा तो उसकी बहन बह मृत अवस्था में घर के कमरा में नीचे जमीन पर थी।
पूछताछ करने पर दामाद ने बताया था कि रात्रि में खाना खाने के बाद मृतिका के साथ कमरा में सो जाना, सुबह उठने पर बातचीत नहीं करने पर घर के लोगों को बताया। गांव के डॉक्टर ने चेक कर मृत घोषित किया।
रोहा राम ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से उनका दामाद बहन सुरूज के साथ दो-तीन बार पूर्व में मारपीट किया था। सामाजिक स्तर पर समझौता कराने के बाद बहन को रखा था। उसके बाद भी उसकी बहन फोन से पति के द्वारा झगडा विवाद करने के बारे में बताती थी। इस पर उन्होंने बहन की मृत्यु पर संदेह व्यक्त किया।
मामले में मृतिका नवविवाहिता होने से पंचनामा कार्यवाही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से कराई गई। घटनास्थल/शव निरीक्षण, सूचक व परिजनों के कथन तथा मृतिका के पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृतिका की मृत्यु दम घुटने से होना तथा प्रकृति हत्यात्मक होना लेख किया गया।